(रईस अल्वी संवाददाता)
मुरादाबाद कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जनपदीय शुल्क नियामक समिति, पेरेंट्स टीचर एसोसियेशन एवं विभिन्न विद्यालयों के संचालकों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में कक्षा 1 से 8 तथा कक्षा 9 से 12 तक एनसीईआरटी की पुस्तकें पढ़ाने संबंधी शासन के निर्धारित प्रावधानों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यालयों में ड्रेस बदलने, पुस्तकें बदलने एवं फीस वृद्धि जैसे संवेदनशील मामलों में नियमों का पालन अनिवार्य रूप से किया जाए। उन्होंने बताया कि इसके सत्यापन के लिए एक विशेष समिति गठित की जा रही है, जो आगामी 15 दिनों के भीतर जिले के प्रत्येक विद्यालय में पहुंचकर रिकॉर्ड और व्यवस्थाओं की जांच करेगी।
डीएम ने स्पष्ट किया कि जांच रिपोर्ट में जिन विद्यालयों में अनियमितताएं पाई जाएंगी, उनके विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक में अभिभावकों की शिकायतों और सुझावों पर भी चर्चा की गई तथा शिक्षा व्यवस्था को पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण और छात्र हित में संचालित करने पर जोर दिया गया।