( रईस अल्वी संवाददाता संभल)
डीएम को एक दिन में 17 बार फोन करना पड़ा भारी, युवक गिरफ्तार, कोर्ट ने भेजा जेल
संभल जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने जिलाधिकारी (डीएम) को एक ही दिन में 17 बार फोन कर प्रशासनिक तंत्र को परेशान कर दिया। घटना हयातनगर थाना क्षेत्र के कस्बा सरायतरीन की बताई जा रही है। आरोपी युवक की पहचान अराफात के रूप में हुई है, जो कथित तौर पर मानसिक रूप से कमजोर बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, अराफात लगातार डीएम को फोन कर अनर्गल और असंबंधित बातें करता रहा। वह बार-बार केवल यह पूछता था कि “डीएम साहब ठीक हो?”, जिससे प्रशासन सतर्क हो गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए युवक को हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने आरोपी को शांतिभंग की आशंका में गिरफ्तार कर सिटी मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने मामले को गंभीर मानते हुए उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेजने का आदेश दिया। गिरफ्तारी के बाद जब युवक का मेडिकल कराया गया, तब भी उसने बेसिर-पैर की बातें करना जारी रखा।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और युवक की मानसिक स्थिति को भी ध्यान में रखा जा रहा है। यह घटना प्रशासनिक अधिकारियों की सुरक्षा और आपात संचार व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करती है।