कासगंज में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से बड़ा हादसा, तीन की मौत, तीन गंभीर घायल


कासगंज जनपद के थाना सिकंदरपुर वैश्य क्षेत्र में देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में कोहराम छा गया।
जानकारी के अनुसार ग्राम नगला जैली और नगला पदम राजपुर कुर्रा से एक ही परिवार के करीब दर्जनभर लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर थाना गंजडुंडवारा क्षेत्र के गांव बरा में एक शोक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। अंतिम संस्कार के बाद जब सभी लोग वापस लौट रहे थे, तभी ग्राम लभेड़ मोड़ के पास ट्रैक्टर की हिच अचानक टूट गई, जिससे ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई।
हादसे में ट्रॉली के नीचे दबने से मुकेश यादव, महाराज सिंह और राजेंद्र यादव की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं विनीता, सुनीता और बिजेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां से दो को उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *