गाजीपुर के दिलदारनगर थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां टिन शेड से बने गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से 35 वर्षीय फार्मासिस्ट अंकित मिश्रा की जलकर मौत हो गई, जबकि गोदाम में रखा लाखों रुपये का सामान भी पूरी तरह जलकर राख हो गया।
घटना दिलदारनगर बाजार के वार्ड नंबर 9 स्थित इंदिरा नगर चूड़ी गली की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के वक्त अंकित मिश्रा गोदाम के पास बने बाथरूम में मौजूद थे और बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका।
स्थानीय लोगों ने समरसेबल पंप की मदद से आग बुझाने की कोशिश की और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और दमकल टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
अंकित मिश्रा मूल रूप से आरंगी गांव के रहने वाले थे और दिलदारनगर में किराए पर मेडिकल स्टोर चलाते थे। उनके परिवार में पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।