STAR NEWS 24 रईस अल्वी वरिष्ठ संवाददाता
संभल में होली रंगोत्सव के मद्देनज़र जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आई। जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया और पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार ने शहर के प्रमुख बाजारों और संवेदनशील इलाकों में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने व्यापारियों, स्थानीय नागरिकों और समाजसेवियों से बातचीत कर सभी को होली की शुभकामनाएं दीं और भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की।
अधिकारियों ने लोगों से कहा कि होली का पर्व आपसी प्रेम और सौहार्द के साथ मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। साथ ही अगर कहीं भी कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचना देने की अपील की गई। युवाओं से विशेष रूप से अपील की गई कि वे हुड़दंग, नशाखोरी या जबरन रंग लगाने जैसी गतिविधियों से बचें और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखें।
त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए शहर के प्रमुख चौराहों, बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पीआरवी और मोबाइल पुलिस टीमें लगातार गश्त कर रही हैं, जबकि सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन का कहना है कि किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह तैयार है और त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं।