सिर्फ बॉलीवुड से हूं इसलिए टारगेट किया गया’ राजपाल यादव का बड़ा बयान

रिपोर्ट: रईस अल्वी

STAR NEWS 24 DESK – बॉलीवुड अभिनेता Rajpal Yadav ने 5 करोड़ रुपये के लोन विवाद और जेल जाने के बाद अब खुलकर अपनी बात रखी है। एक इंटरव्यू में उन्होंने आरोप लगाया कि फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कलाकारों को अक्सर “सॉफ्ट टारगेट” बना दिया जाता है।

राजपाल यादव ने कहा कि आज एक ऐसी सोच बना दी गई है जिसमें अगर कोई बॉलीवुड से है, तो उसे ही गलत मान लिया जाता है। उनके मुताबिक, इसी धारणा का फायदा उठाकर उन्हें कानूनी मामलों में घेरा गया।

‘अता पता लापता’ को बदनाम करने का आरोप

अपनी फिल्म Ata Pata Laapata का जिक्र करते हुए अभिनेता ने दावा किया कि रिलीज से पहले ही इसे बदनाम करने की कोशिश की गई। उनका कहना है कि अगर फिल्म सही तरीके से रिलीज होती तो आर्थिक स्थिति संभल सकती थी, लेकिन जानबूझकर प्रोजेक्ट को नुकसान पहुंचाया गया।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि 2013 से 2018 के बीच बार-बार शिकायतें कर उन्हें विदेश शूटिंग पर जाने से रोकने की कोशिश हुई। यहां तक कि पासपोर्ट रुकवाने की भी कोशिश की गई, ताकि उनका काम प्रभावित हो और इंडस्ट्री में उनकी छवि खराब हो।

“1500 करोड़ वाला 5 करोड़ पर अड़ा”

राजपाल यादव ने दावा किया कि शिकायतकर्ता खुद को 1500 करोड़ का कारोबारी बताता था, लेकिन 5 करोड़ रुपये के लिए उनके करियर को नुकसान पहुंचाने पर उतारू हो गया। उनके अनुसार, यह सिर्फ पैसों का विवाद नहीं था, बल्कि उनकी छवि खराब करने की कोशिश थी।

राज कपूर का दिया उदाहरण

अपनी बात को मजबूत करते हुए राजपाल ने दिग्गज फिल्मकार Raj Kapoor का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि फिल्म इंडस्ट्री में घाटा-नुकसान आम बात है। ‘मेरा नाम जोकर’ जैसी फिल्म पहले असफल रही, लेकिन बाद में क्लासिक मानी गई। बिजनेस लॉस को अपराध की तरह पेश करना उचित नहीं है।

राजपाल यादव ने भावुक होते हुए कहा कि मुश्किल दौर में फैंस और भारतीय सिनेमा ने उनका साथ दिया, जिसकी वजह से वह दोबारा मजबूती से खड़े हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *