बहजोई में बड़ी चोरी, छत पर सो रहे परिवार के घर में घुसे चोर; ₹3 लाख के जेवर और नकदी लेकर फरार

रईस अल्वी संवाददाता संभल ——-

बहजोई में बड़ी चोरी, छत पर सो रहे परिवार के घर में घुसे चोर; ₹3 लाख के जेवर और नकदी लेकर फरार

संभल जनपद के बहजोई क्षेत्र के चितौरा रोड पर चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। जहां एक ओर कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए मुरादाबाद परिक्षेत्र के पुलिस अधिकारियों द्वारा क्षेत्र में पैदल गश्त की जा रही है, वहीं दूसरी ओर चोरों का आतंक भी देखने को मिल रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार चितौरा रोड निवासी रहीसुद्दीन सैफी पुत्र समसुद्दीन सैफी व अब्दुल अजीज पुत्र छोटन हुसैन के घर में अज्ञात चोरों ने देर रात चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि गर्मी और बिजली न होने के कारण परिवार के सभी लोग रात में घर की छत पर सो रहे थे। इसी दौरान चोर पास में बन रहे मकान की दीवार के सहारे घर के अंदर घुस गए।
चोरों ने घर के अंदर रखी अलमारी और अन्य स्थानों को खंगालते हुए करीब 1 लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवरात सहित कुल लगभग 3 लाख रुपये का सामान चोरी कर लिया और मौके से फरार हो गए।
सुबह जब परिवार के लोग नीचे आए तो घर के दरवाजे खुले मिले और सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी से नकदी और जेवरात गायब देखकर परिवार के होश उड़ गए।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पीड़ित परिवार ने पुलिस को सूचना दे दी है, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। वहीं स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है और इलाके में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *