तमिलनाडु में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को अपने 27 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी। यह सूची ऐसे समय आई है जब राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के सहयोगी दलों के साथ सीट बंटवारे को लेकर बातचीत जारी है। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार भाजपा की यह सूची दक्षिण भारत में पार्टी के विस्तार की रणनीति का हिस्सा मानी जा रही है।
भाजपा ने इस सूची में कई चर्चित और प्रभावशाली नेताओं को मैदान में उतारकर साफ संकेत दिया है कि पार्टी तमिलनाडु में अपनी राजनीतिक मौजूदगी मजबूत करने के लिए आक्रामक रणनीति अपना रही है। केंद्रीय मंत्री एल. मुरुगन को अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित अविनाशी सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। वहीं तेलंगाना की पूर्व राज्यपाल तमिलिसाई सुंदरराजन को हाई-प्रोफाइल मायलापुर सीट से टिकट दिया गया है।
पहली सूची में अन्नामलाई का नाम नहीं
हालांकि भाजपा की इस पहली सूची में एक बड़ा नाम शामिल नहीं है। तमिलनाडु भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के. अन्नामलाई को टिकट नहीं दिया गया है। जानकारी के मुताबिक अन्नामलाई कोयंबटूर (उत्तर) सीट से चुनाव लड़ना चाहते थे, लेकिन पार्टी ने यहां से वनाथी श्रीनिवासन को उम्मीदवार बनाया है, जो फिलहाल कोयंबटूर (दक्षिण) से विधायक हैं।
कई सीटों पर नए चेहरों को मौका
भाजपा ने अपनी पहली सूची में विभिन्न क्षेत्रों और सामाजिक समीकरणों को ध्यान में रखते हुए उम्मीदवारों का चयन किया है। अवाडी से एम. राजसिम्हा महिंद्रा (एम. अश्विनकुमार), मायलापुर से डॉ. तमिलिसाई सुंदरराजन, थल्ली से नागेश कुमार, तिरुवन्नामलाई से सी. एलुमलाई और रासीपुरम (एससी) से डॉ. एस.डी. प्रेमकुमार को उम्मीदवार बनाया गया है।
इसके अलावा मोदक्कुरिची से कीर्तिका शिवकुमार, ऊधगमंडलम से भोजराजन, अविनाशी (एससी) से डॉ. एल. मुरुगन और तिरुपुर (दक्षिण) से एस. थंगराज चुनावी मैदान में होंगे। कोयंबटूर (उत्तर) से वनाथी श्रीनिवासन, तिरुवरूर से गोवी चंद्रू और तंजावुर से एम. मुरुगानंदन को टिकट दिया गया है।
मदुरै और दक्षिण तमिलनाडु पर भी फोकस
गंधर्वकोट्टई (एससी) से सी. उदयकुमार, पुदुकोट्टई से एन. रामचंद्रन, अरंथांगी से कविता श्रीकांत और तिरुप्पत्तूर से के.सी. थिरुमरन को उम्मीदवार बनाया गया है। मनामदुरै (एससी) से पोन. वी. बालगणपति, मदुरै दक्षिण से प्रो. रामा श्रीनिवासन और सत्तूर से नैनार नागेंथ्रान को मैदान में उतारा गया है।
इसके अलावा रामनाथपुरम से जी.बी.एस.के. नागेंद्रन, तिरुचेंदूर से केआरएम राधाकृष्णन, वासुदेवनल्लूर (एससी) से अनंत अय्यासामी, राधापुरम से एस.पी. बालकृष्णन और नागरकोइल से एम.आर. गांधी को टिकट मिला है। वहीं कोलाचेल से टी. शिवकुमार, पद्मनाभपुरम से पी. रमेश और विलावनकोड से एस. विजयधरानी को भी पार्टी ने उम्मीदवार बनाया है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि भाजपा ने पहली सूची के जरिए सामाजिक संतुलन और क्षेत्रीय समीकरणों को साधने की कोशिश की है। अब सबकी नजरें एनडीए सहयोगियों के साथ होने वाले अंतिम सीट बंटवारे और पार्टी की अगली सूची पर टिकी हुई हैं।