कानपुर: सीवर टैंक की सफाई के दौरान जहरीली गैस से पिता-पुत्र की मौत, परिवार में मातम

उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां सीवर टैंक की सफाई के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से पिता और पुत्र की मौत हो गई। यह घटना कल्याणपुर थाना क्षेत्र के गूबा गार्डन इलाके की बताई जा रही है, जिससे पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।

मिली जानकारी के अनुसार जावेद और उनका बेटा आकिब सीवर टैंक की सफाई करने के लिए उसमें उतरे थे। टैंक के अंदर पहले से जमा जहरीली गैस के कारण कुछ ही पलों में दोनों बेहोश हो गए। काफी देर तक जब अंदर से कोई हलचल नहीं हुई तो आसपास के लोगों को शक हुआ और उन्होंने तुरंत पुलिस व प्रशासन को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और एम्बुलेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को टैंक से बाहर निकाला गया और तुरंत इलाज के लिए हैलट अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार शुरुआती जांच में मौत की वजह सीवर टैंक के अंदर मौजूद जहरीली गैस को माना जा रहा है। इस संबंध में पुलिस अधिकारी आशुतोष यादव ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और यह भी देखा जा रहा है कि सफाई के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं।

फिलहाल पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई जारी है। इस हादसे ने एक बार फिर सीवर सफाई के दौरान मजदूरों की सुरक्षा और जरूरी उपकरणों की अनिवार्यता को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *