होलिका दहन के दौरान जलती आग में कूद गया युवक, ग्रामीणों की सूझबूझ से बची जानरिपोर्ट

रिपोर्ट: रईस अल्वी
STAR NEWS 24


संभल/गुन्नौर। जनपद संभल के गुन्नौर थाना क्षेत्र के गांव नदरौली में होलिका दहन के दौरान एक अजीब और खतरनाक घटना सामने आई, जब एक युवक अचानक जलती हुई होली के बीच जाकर खड़ा हो गया। युवक को आग की लपटों में खड़ा देख मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि 4 मार्च की सुबह गांव में होलिका दहन का कार्यक्रम चल रहा था। होली जलने के बाद ग्रामीण जौं और गन्ना भूनते हुए परिक्रमा कर रहे थे और कई लोग छतों से इस पूरे आयोजन की वीडियो और तस्वीरें बना रहे थे। तभी सफेद कुर्ता-पायजामा पहने और सिर पर गमछा बांधे एक युवक भीड़ से निकलकर सीधे जलती हुई होलिका के बीच जा खड़ा हुआ।
आग की तेज लपटों के बीच युवक करीब 10 से 15 सेकंड तक खड़ा रहा और हाथ जोड़कर लोगों को राम-राम करने लगा। इसके बाद वह दोनों हाथ उठाकर “होली मुबारक” के नारे लगाने लगा। यह नजारा देखकर वहां मौजूद लोग हैरान रह गए और अफरा-तफरी मच गई।
इसी दौरान भीड़ में मौजूद एक युवक ने बहादुरी दिखाते हुए अपनी जान की परवाह किए बिना आग में जाकर उसे बाहर खींच लिया। तब तक युवक के कपड़े और शरीर के कई हिस्से झुलस चुके थे। आग से बाहर निकलते ही वह मौके से भागने लगा।
ग्रामीणों ने तत्काल एंबुलेंस 108 की मदद से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) गुन्नौर पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। परिजनों के अनुसार युवक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है और वह बिना बताए घर से निकल गया था।
पुलिस के मुताबिक युवक की पहचान वीरपाल के रूप में हुई है, जो बहजोई थाना क्षेत्र के गांव सिंगपुर का रहने वाला है और नदरौली गांव में अपनी ससुराल आया हुआ था। गुन्नौर थाना प्रभारी ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जानकारी मिली है। युवक का इलाज जारी है और उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
रिपोर्ट: रईस अल्वी
STAR NEWS 2

Author

  • starnews24.in

    Star News 24 एक निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित के प्रति समर्पित डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसका उद्देश्य देश और दुनिया की हर महत्वपूर्ण खबर को आप तक सबसे पहले, सटीक और निष्पक्ष रूप में पहुँचाना है। हम पत्रकारिता के उन मूल्यों पर चलते हैं, जिनकी नींव सच्चाई, ईमानदारी और जिम्मेदारी पर टिकी होती है।

    हमारा उद्देश्य है –
    “हर खबर सच्ची हो, हर आवाज सुनी जाए, और हर नागरिक जागरूक बने।”

    आपका विश्वास ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है, और हम हमेशा इस विश्वास पर खरा उतरने का प्रयास करते रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *