
संभल। प्रदेश सरकार के “हर खेत को पानी” संकल्प को साकार करने की दिशा में नलकूप खंड चंदौसी द्वारा उल्लेखनीय कार्य किए जा रहे हैं। मा. जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह के मार्गदर्शन में जनपद संभल के ग्रामीण क्षेत्रों में सिंचाई व्यवस्था को मजबूत करने के लिए नलकूपों का कायाकल्प किया जा रहा है।
विशेष रूप से 24 कोसीय परिक्रमा मार्ग (श्री वंश गोपाल तीर्थ) पर स्थित नलकूपों को आकर्षक और सुविधाजनक रूप दिया जा रहा है। यहां परिक्रमा करने वाले श्रद्धालुओं और किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बैठने के लिए बेंच तथा पीने के पानी की व्यवस्था भी की गई है। नलकूपों को इस तरह से विकसित किया जा रहा है कि उनकी सुंदरता श्रद्धालुओं और आगंतुकों को सेल्फी लेने के लिए भी आकर्षित करती है।
जलशक्ति मंत्री के स्पष्ट निर्देशों के तहत सिंचाई व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में किसान चौपाल आयोजित की जा रही हैं, जिससे किसानों की समस्याओं को सीधे सुनकर उनका समाधान किया जा सके। विभाग द्वारा बंद और अक्रियाशील नलकूपों को दोबारा चालू करने, रीबोर कराने, लाइन गूल की मरम्मत कराने तथा विद्युत आपूर्ति के समन्वय पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके साथ ही सिंचाई तंत्र को आधुनिक बनाने के लिए आईओटी (IoT) तकनीक के उपयोग को भी प्राथमिकता दी जा रही है।
इन प्रयासों के परिणामस्वरूप प्रदेश के कई जनपदों में बंद पड़े नलकूप दोबारा चालू किए गए हैं, जिससे लाखों हेक्टेयर भूमि को सिंचाई की सुविधा से जोड़ा गया है। इससे किसानों को निजी संसाधनों पर निर्भरता कम हुई है और फसलों की उत्पादकता में भी वृद्धि होने की उम्मीद है।
नलकूप विभाग की तत्परता, पारदर्शिता और जवाबदेही से सिंचाई तंत्र मजबूत हुआ है। नियमित निरीक्षण, समयबद्ध मरम्मत और तकनीकी उन्नयन के माध्यम से विभाग किसानों के हित में लगातार कार्य कर रहा है।