संभल/बहजोई, जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल के निर्देशन में मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में जिला पुस्तकालय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रभारी पुस्तकालयाध्यक्ष अंबरीश कुमार ने राजकीय जिला पुस्तकालय की वर्तमान स्थिति, स्थायी भवन निर्माण, पुस्तकालय के प्रचार-प्रसार तथा पाठकों की संख्या बढ़ाने को लेकर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया।
बैठक में बताया गया कि वर्तमान में राजकीय जिला पुस्तकालय का संचालन अस्थायी रूप से इंटरमीडिएट कॉलेज बहजोई से किया जा रहा है। विद्यार्थियों में पठन-पाठन की रुचि बढ़ाने के लिए पुस्तकालय के आसपास स्थित विद्यालयों के छात्रों का भ्रमण कराने तथा सीएसआर के माध्यम से पुस्तकालय में वातानुकूलित (एसी) सुविधा उपलब्ध कराने का प्रस्ताव रखा गया। साथ ही नगर पालिका की एलईडी स्क्रीन के माध्यम से पुस्तकालय का प्रचार-प्रसार करने पर भी चर्चा हुई।
नगर पालिका अध्यक्ष ने डिजिटल लाइब्रेरी की स्थापना का सुझाव दिया, जबकि भाजपा जिला उपाध्यक्ष विकास वार्ष्णेय ने मौलागढ़ और आटा में डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित करने का प्रस्ताव रखा। मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इंटर कॉलेजों, डिग्री कॉलेजों तथा मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के छात्रों को पुस्तकालय की सुविधाओं की जानकारी देकर अधिक से अधिक विद्यार्थियों एवं प्रतियोगी छात्रों को पुस्तकालय से जोड़ा जाए।