संभल के बहजोई में सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल के नए कार्यालय के उद्घाटन के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार के प्रभारी मंत्री जेपीएस राठौर ने समाजवादी पार्टी और संभल के सांसद जियाउर्रहमान बर्क पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने कहा कि राम मंदिर और रामराज पर सवाल उठाने वाली सपा सवाल पूछने की स्थिति में नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि रामभक्तों पर गोली चलाने वाले और राम मंदिर में वास्तुदोष बताने वाले अब खुद को सबसे बड़ा रामभक्त बताने का प्रयास कर रहे हैं।
राम मंदिर चोरी प्रकरण पर मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने प्रभावी कार्रवाई की है और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आगे भी दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाएंगे। उन्होंने सपा पर दोहरे चरित्र का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा हर समय चुनाव के लिए तैयार रहती है और विधानसभा चुनाव तय समय पर ही होंगे।
सांसद जियाउर्रहमान बर्क पर निशाना साधते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि भारत में मुगल या तालिबानी शासन के सपने देखने बंद कर देने चाहिए। उन्होंने दावा किया कि देश में रामराज और सनातन परंपरा के मूल्यों के अनुरूप शासन आगे बढ़ेगा। साथ ही उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू कर सभी नागरिकों के लिए एक समान कानून बनाने की दिशा में सरकार काम करेगी। उन्होंने यह भी दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी का हाल पश्चिम बंगाल में टीएमसी जैसा होगा।