(रईस अल्वी संवाददाता संभल)
संभल से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां सरकारी जमीन पर ट्रैक्टर व अन्य वाहन खड़े करने को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि दबंगों ने एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोप है कि युवक को रास्ते में घेरकर दबंगों ने ट्रैक्टर से खींच लिया और लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा। गंभीर रूप से घायल युवक किसी तरह थाने पहुंचा और पुलिस से मदद की गुहार लगाई।
मामला यहीं नहीं रुका। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हमलावर दबंग बाद में लाठी-डंडे लेकर उसके घर में भी घुस आए और वहां मौजूद महिलाओं के साथ मारपीट की। इस हमले में दो महिलाएं समेत कई लोग घायल बताए जा रहे हैं, जिससे पूरे गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है।
घटना बहजोई कोतवाली क्षेत्र के गांव जैतपुर की बताई जा रही है। पीड़ित युवक का कहना है कि उसने पुलिस को पूरे मामले की शिकायत दी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे दबंगों के हौसले और बुलंद हो रहे हैं।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है और वे आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। वहीं पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।