रईस अल्वी संवाददाता संभल —–
संभल। जनपद संभल में तेज रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार देर शाम बनियाठेर थाना क्षेत्र में मुरादाबाद-आगरा हाईवे पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें ट्रक ने पीछे से ट्रैक्टर-ट्राली को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ट्राली में बैठे एक मजदूर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर-ट्राली हाईवे से गुजर रही थी, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्राली में बैठे मजदूर सड़क पर जा गिरे और एक मजदूर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें दो की हालत नाजुक बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही बनियाठेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और हादसे के बाद ट्रक चालक की तलाश की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।