( रईस अल्वी संवाददाता संभल)
उत्तर प्रदेश के संभल जनपद में थाना असमोली पुलिस ने एक भाजपा नेता को शस्त्र लाइसेंस मामले में नोटिस जारी किया है। नोटिस के अनुसार, शस्त्र लाइसेंस धारक राजेश सिंघल, पुत्र जानकी प्रसाद, निवासी पीतलकोट पूर्वी, थाना कोतवाली संभल, जनपद संभल को यह नोटिस दिया गया है। बताया जा रहा है कि वह भारतीय जनता पार्टी के पश्चिम उत्तर प्रदेश उपाध्यक्ष पद से जुड़े हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ Arms Act 1959 की धारा 29/30 के तहत थाना असमोली में मुकदमा दर्ज है। विवेचना में आरोप सही पाए जाने के बाद 11 मार्च 2026 को न्यायालय में आरोप पत्र भी दाखिल किया जा चुका है। इसके बावजूद संबंधित व्यक्ति द्वारा अपना शस्त्र लाइसेंस संख्या 1340/भाग-II एवं रिवॉल्वर संख्या G3320 अब तक थाने में जमा नहीं कराया गया है।
नोटिस में यह भी उल्लेख है कि आरोपी को पहले कई बार मौखिक व लिखित रूप से सूचित किया गया, लेकिन उसने निर्देशों का पालन नहीं किया। अब पुलिस ने अंतिम अवसर देते हुए 2 दिन के भीतर शस्त्र थाने में जमा करने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस ने चेतावनी दी है कि निर्धारित समय में आदेश का पालन न करने पर कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।