संभल। जनपद संभल पुलिस ने फर्जी बीमा पॉलिसियों के जरिए धोखाधड़ी कर धन अर्जित करने वाले अंतरराज्यीय बीमा माफिया गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना रजपुरा पुलिस ने इस कार्रवाई को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिष्णोई के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी मनोज कुमार के पर्यवेक्षण में अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहित पुत्र वीरपाल, शाला पत्नी वीरपाल तथा तेजपाल पुत्र गिर्राज के रूप में हुई है। आरोपियों के विरुद्ध थाना धनारी में दर्ज मुकदमा संख्या 166/26 के तहत विभिन्न धाराओं में कार्रवाई की गई है।
पूछताछ में सामने आया कि गिरोह का सरगना सत्यप्रकाश है, जिसका नेटवर्क संभल और बदायूं सहित अन्य जिलों तक फैला हुआ है। आरोपी मृत व्यक्तियों के नाम पर फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र और आधार कार्ड तैयार कराते थे। इसके बाद बैंक खाते खुलवाकर प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY) सहित अन्य बीमा योजनाओं की पॉलिसी कराते और स्वयं को नामित कर बीमा क्लेम की राशि हड़प लेते थे।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है, जबकि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि इस पूरे नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी की जाएगी।
वाइट के के बिश्नोई पुलिस अधीक्षक संभल