नई दिल्ली/हनोई। वियतनाम के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल फु क्वोक द्वीप के पास शनिवार को भारतीय पर्यटकों को लेकर जा रही एक पर्यटन नाव समुद्र में पलट गई। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार हादसे में 15 लोगों की मौत की खबर है, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि, मृतकों की आधिकारिक पहचान और उनमें भारतीय नागरिकों की संख्या की पुष्टि अभी नहीं हुई है। भारतीय दूतावास ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि नाव में कई भारतीय पर्यटक सवार थे और स्थानीय प्रशासन के साथ लगातार संपर्क बनाए रखा गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार नाव में करीब 24 भारतीय नागरिक मौजूद थे, जबकि आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और तमिलनाडु से आए पर्यटकों का एक समूह वियतनाम भ्रमण पर था।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय प्रशासन और निजी नावों की मदद से बड़े स्तर पर सर्च एंड रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। कई यात्रियों को सुरक्षित निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि कुछ लोग नाव के अंदर फंसे होने के कारण राहत कार्य चुनौतीपूर्ण रहा। भारतीय दूतावास ने हो ची मिन्ह सिटी और हनोई में कंट्रोल रूम स्थापित कर हेल्पलाइन भी जारी की है, ताकि प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता मिल सके। प्रशासन ने कहा है कि बचाव अभियान पूरा होने और जांच आगे बढ़ने के बाद ही हादसे के कारणों और मृतकों की वास्तविक संख्या की आधिकारिक पुष्टि की जाएगी।