मुंबई के करी रोड स्थित कालाचौकी इलाके में जैन मंदिर से करीब 1.75 करोड़ रुपये के गहनों की चोरी के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी जितेंद्र उर्फ जीतन उर्फ बंटी उर्फ पंडित (34) को मध्य प्रदेश से गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी नेपाल भागने की तैयारी में था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसे दबोच लिया।
कैसे हुई वारदात
घटना 30 मार्च की तड़के सुबह की है। जब पूरा इलाका शांत था, तब आरोपी ने कालाचौकी के अविघ्न पार्क स्थित जैन मंदिर में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। उसने भगवान की मूर्तियों पर चढ़े सोने के आभूषण और हीरे जड़ा टीका बड़ी सफाई से उतार लिया और मौके से फरार हो गया। सुबह मंदिर खुलने पर जब पुजारियों ने देखा कि आभूषण गायब हैं तो इलाके में हड़कंप मच गया और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
300 CCTV कैमरों से मिला सुराग
मामले की जांच में जुटी पुलिस ने आसपास लगे करीब 200 से 300 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। अलग-अलग फुटेज से मिले छोटे-छोटे सुरागों को जोड़ते हुए पुलिस आरोपी के चेहरे और उसके भागने के रास्ते तक पहुंच गई। इसी दौरान एक अहम फुटेज में आरोपी एक होटल में दिखाई दिया, जहां उसने ऑनलाइन पेमेंट किया था। यही उसकी सबसे बड़ी गलती साबित हुई। उस ट्रांजैक्शन से पुलिस को उसका मोबाइल नंबर मिला और फिर कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) के जरिए उसकी लोकेशन ट्रेस कर ली गई।
मध्य प्रदेश से गिरफ्तारी
जांच में पता चला कि आरोपी मुंबई से भागकर मध्य प्रदेश पहुंच चुका है। पुलिस की टीम तुरंत वहां रवाना हुई और आरोपी की बहन से पूछताछ की। शुरुआत में उसने जानकारी छिपाने की कोशिश की, लेकिन बाद में खुलासा हुआ कि आरोपी नेपाल भागने की तैयारी कर रहा है। पुलिस ने संभावित ठिकानों और नेपाल जाने वाले रास्तों पर नजर रखनी शुरू कर दी।
छत से कूदकर भागने की कोशिश
इसी बीच सूचना मिली कि आरोपी एक रिश्तेदार के घर की छत पर छिपा हुआ है। पुलिस ने पूरे इलाके को घेर लिया। तलाशी के दौरान आरोपी ने एक छत से दूसरी छत पर कूदकर भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की सतर्कता के चलते उसे पकड़ लिया गया।
शातिर अपराधी निकला आरोपी
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी भिंड जिले का रहने वाला है और चंबल क्षेत्र का कुख्यात अपराधी है। उसके खिलाफ लूट, डकैती और आर्म्स एक्ट सहित 18 से ज्यादा मामले पहले से दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी के सभी गहने और हीरे जड़ा टीका बरामद कर लिया है। साथ ही वारदात के समय पहने गए कपड़े भी जब्त कर लिए गए हैं। पुलिस अब उससे पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस चोरी में कोई और साथी तो शामिल नहीं था।