रिपोर्ट: रईस अल्वी, वरिष्ठ पत्रकार
STAR NEWS 24

बहजोई (संभल)। नगर के कल मंदिर रोड स्थित एक निजी अस्पताल में मरीज के तीमारदारों द्वारा डॉक्टर और अस्पताल स्टाफ के साथ मारपीट व तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। घटना के बाद अस्पताल में देर रात तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
अस्पताल के डॉक्टर के अनुसार एक मरीज कई दिनों से अस्पताल में भर्ती था और उसका इलाज चल रहा था। डॉक्टर का कहना है कि मरीज की हालत में सुधार होने के बाद तीमारदारों से कहा गया कि वे अस्पताल का बकाया बिल जमा कर मरीज को डिस्चार्ज कराकर घर ले जाएं। इसी बात को लेकर तीमारदारों ने पैसे देने में आनाकानी शुरू कर दी और अस्पताल स्टाफ से कहासुनी करने लगे।
आरोप है कि कुछ देर बाद मरीज के कई तीमारदार एकत्र होकर अस्पताल पहुंच गए और डॉक्टर व स्टाफ के साथ गाली-गलौज करते हुए नोकझोंक और मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान अस्पताल परिसर में तोड़फोड़ भी की गई, जिससे अस्पताल में मौजूद मरीजों और कर्मचारियों में दहशत फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट: रईस अल्वी, वरिष्ठ पत्रकार
STAR NEWS 24