संभल। जनपद संभल के थाना रजपुरा क्षेत्र की रहने वाली एक किशोरी ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर अपने और परिवार के खिलाफ दर्ज मुकदमे को फर्जी बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। महिला का आरोप है कि गांव के ही एक व्यक्ति ने पुरानी रंजिश और चुनावी विवाद के चलते उसके परिवार को झूठे मुकदमे में फंसा दिया है।
किशोरी ने कहा कि आरोपी पक्ष के पिता ग्राम प्रधान का चुनाव लड़ चुके हैं, जबकि उसके पति भी चुनावी प्रक्रिया से जुड़े रहे हैं। इसी रंजिश के चलते उनके परिवार के खिलाफ गलत तरीके से मुकदमा दर्ज कराया गया। किशोरी का कहना है कि आरोपी पक्ष से केवल फोन पर बातचीत हुई थी, लेकिन किसी प्रकार की मारपीट, गाली-गलौज, छेड़छाड़ या धमकी जैसी घटना नहीं हुई। इसके बावजूद थाना रजपुरा में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
किशोरी ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच कराने, कथित झूठे मुकदमे को निरस्त करने तथा दोषियों के विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही उन्होंने कहा कि उन्हें न्याय दिलाया जाए ताकि उनके परिवार को अनावश्यक उत्पीड़न और मानसिक परेशानी से राहत मिल सके। फिलहाल पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की अपेक्षा जताई गई है।