सम्भल। थाना असमोली पुलिस ने 17 सितंबर 2026 को मढ़न चौकी क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस मुठभेड़ में चोरी के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, माठपुर तिराहे के पास चेकिंग के दौरान मुठभेड़ हुई। इस दौरान थाना असमोली में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 176/2026, धारा 305(A) बीएनएस में वांछित तनवीर उर्फ सन्नी उर्फ शैम्पू पुत्र अब्दुल रहमान को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा बिना नंबर की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद करने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने भागते हुए पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसके बाद उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल सम्भल भेजा गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी का एक अन्य साथी मौके से फरार हो गया, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार कांबिंग और चेकिंग की जा रही है। आरोपी के खिलाफ असमोली थाने में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।