
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में मेट्रो नेटवर्क के विस्तार की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 8 मार्च को नई मेट्रो परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इस कार्यक्रम के तहत दो नए मेट्रो कॉरिडोर का उद्घाटन किया जाएगा, जबकि तीन अन्य कॉरिडोर की आधारशिला रखी जाएगी। इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद दिल्ली को देश की पहली ‘रिंग मेट्रो’ की सुविधा मिलने की उम्मीद है, जिससे शहर में आवागमन और भी आसान हो जाएगा।
कश्मीरी गेट पर फुट ओवर ब्रिज का शिलान्यास
इससे पहले मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को कश्मीरी गेट आईएसबीटी के पास मॉनेस्ट्री मार्केट में एक फुट ओवर ब्रिज (FOB) की आधारशिला रखी। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार राजधानी में रहने वाले हर राज्य और क्षेत्र के लोगों का सम्मान करती है और विकास कार्यों में सभी समुदायों को साथ लेकर चलना चाहती है।
‘वसुधैव कुटुंबकम’ की भावना पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत हमेशा ‘जियो और जीने दो’ के सिद्धांत पर चला है और दुनिया को शांति और भाईचारे का संदेश देता रहा है। उन्होंने कहा कि भारत ने यदि कभी हथियार उठाए भी हैं तो वह केवल आत्मरक्षा के लिए उठाए हैं। उन्होंने ‘वसुधैव कुटुंबकम’ की भावना का जिक्र करते हुए कहा कि भारत पूरी दुनिया को एक परिवार मानता है।
3 करोड़ की लागत से बनेगा फुट ओवर ब्रिज
सीएम रेखा गुप्ता के मुताबिक लोक निर्माण विभाग करीब 3 करोड़ रुपये की लागत से इस फुट ओवर ब्रिज का निर्माण करेगा। इस पुल का डिजाइन लद्दाख की संस्कृति और परंपराओं से प्रेरित होगा, क्योंकि इस इलाके में लंबे समय से लद्दाख के कई परिवार रहते हैं।
पूर्व सरकार पर साधा निशाना
इस दौरान मुख्यमंत्री ने आम आदमी पार्टी और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकार ने विकास कार्यों की बजाय वोट बैंक की राजनीति को प्राथमिकता दी, जबकि मौजूदा सरकार दिल्ली में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है।