नई दिल्ली। दिल्ली सरकार ने राजधानी की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घोषणा की है कि प्रधानमंत्री ई-ड्राइव योजना के तहत दिल्ली में 2800 नई एसी लो-फ्लोर इलेक्ट्रिक बसें शामिल की जाएंगी। सरकार का कहना है कि इससे प्रदूषण में कमी आएगी और यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक व आधुनिक परिवहन सुविधा मिलेगी।
दिल्ली कैबिनेट ने 2800 इलेक्ट्रिक बसों की खरीद को मंजूरी दे दी है। इनमें 1400 बसें 12 मीटर लंबी होंगी, जबकि 1400 बसें 9 मीटर लंबाई की होंगी। छोटी बसों का संचालन संकरी गलियों, ग्रामीण क्षेत्रों और कम चौड़ी सड़कों पर किया जाएगा, जिससे लास्ट-माइल कनेक्टिविटी बेहतर होगी और यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में अधिक सुविधा मिलेगी।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि सरकार का लक्ष्य वर्ष 2028-29 तक दिल्ली के सार्वजनिक परिवहन बेड़े को लगभग 14 हजार बसों तक पहुंचाना है। नई इलेक्ट्रिक बसों को अप्रैल 2027 से चरणबद्ध तरीके से सड़कों पर उतारा जाएगा और अगस्त 2028 तक सभी 2800 बसें परिचालन में आ जाएंगी।
सरकार ने बसों के बेहतर संचालन के लिए आईआईटी दिल्ली के सहयोग से रूट प्लानिंग में भी बदलाव करने का निर्णय लिया है। इससे बसों का अधिक प्रभावी उपयोग होगा और यात्रियों को तेज, सुविधाजनक तथा पर्यावरण के अनुकूल सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराया जा सकेगा।