संभल। रामपुर स्थित जौहर यूनिवर्सिटी के 38 भवनों को ध्वस्तीकरण नोटिस दिए जाने के विरोध में संभल में AIMIM कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। पार्टी नेताओं ने इस कार्रवाई को शिक्षा पर हमला बताते हुए राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा।
प्रदर्शन के दौरान AIMIM नेताओं ने कहा कि जौहर यूनिवर्सिटी हजारों छात्रों के भविष्य से जुड़ा संस्थान है। ऐसे में भवनों को गिराने की कार्रवाई से विद्यार्थियों की पढ़ाई और भविष्य प्रभावित होगा। उन्होंने सरकार से ध्वस्तीकरण नोटिस वापस लेने और विश्वविद्यालय को सुरक्षित रखने की मांग की।
प्रदर्शन में मौजूद नेताओं ने कहा कि “शिक्षा के मंदिर तोड़े नहीं, बनाए जाते हैं।” उन्होंने राष्ट्रपति से मामले में हस्तक्षेप कर छात्रों के हितों की रक्षा करने की अपील की।
इस दौरान नगर पालिका संभल के चेयरपर्सन पति चौधरी मुशीर और AIMIM के जिलाध्यक्ष असदुल्ला ने मीडिया से बातचीत करते हुए कार्रवाई का विरोध किया और इसे छात्रों के भविष्य के खिलाफ बताया। प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और ज्ञापन एसडीएम को सौंपा गया।