Sambhal बहजोई। आगामी जश्ने ईद मिलादुन्नबी के त्योहार को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर कोतवाली बहजोई परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुस्लिम समुदाय के साथ-साथ हिंदू समुदाय के सम्मानित लोग, ग्रामीण क्षेत्र के ग्राम प्रधान एवं संभ्रांत नागरिक मौजूद रहे। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने सभी से आपसी भाईचारा और शांति बनाए रखने की अपील की।
बैठक में पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी लोग अपने-अपने परंपरागत त्योहारों को निर्धारित एवं शांतिपूर्ण तरीके से मनाएं। किसी भी नई परंपरा की शुरुआत नहीं की जाएगी। नई परंपरा डालने अथवा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों ने जुलूस एवं अन्य कार्यक्रमों के दौरान यातायात व्यवस्था और सार्वजनिक शांति का विशेष ध्यान रखने को कहा। डीजे निर्धारित एवं कम आवाज में बजाने तथा ध्वनि की वजह से आमजन को परेशानी न होने देने के निर्देश दिए गए। किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।
बैठक में बहजोई इंस्पेक्टर बलराम सिंह सहित पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कहा कि त्योहार को आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाया जाए तथा कानून का पालन सभी की जिम्मेदारी है।