(रईस अल्वी संवाददाता संभल)
सम्भल, कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत श्रद्धालुओं की सेवा एवं सुरक्षा को लेकर सम्भल पुलिस द्वारा बहजोई थाना क्षेत्र के पाठकपुर तिराहे पर खान-पान का स्टॉल लगाकर कांवड़ियों को प्रसाद वितरित किया गया। पुलिस अधीक्षक सम्भल विकास चन्द्र त्रिपाठी के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) श्री मनोज कुमार रावत एवं क्षेत्राधिकारी बहजोई श्रीमती स्तुति सिंह ने पुलिस टीम के साथ श्रद्धालुओं की सेवा की।

स्टॉल पर कांवड़ियों एवं श्रद्धालुओं को पूड़ी, खीर, फल, दूध सहित विभिन्न खाद्य पदार्थ प्रसाद के रूप में वितरित किए गए। पुलिस अधिकारियों ने स्वयं प्रसाद वितरण कर कांवड़ियों का स्वागत किया और उनकी यात्रा के संबंध में आवश्यक जानकारी ली।
पुलिस अधिकारियों ने श्रद्धालुओं से निर्धारित मार्गों का पालन करने, यातायात नियमों का पालन करने तथा किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल पुलिस से सहयोग लेने की अपील की। पुलिस ने कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने का भरोसा दिलाया।

पुलिस की इस पहल से आपसी सौहार्द, भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश दिया गया। कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस द्वारा क्षेत्र में लगातार भ्रमण, निगरानी और आवश्यक स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की जा रही है।